कालका। कालका की सड़को पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए है। इन गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी की ओर से नवरात्र से पहले पैचवर्क का काम तो शुरू किया गया था लेकिन उसे बीच में ही छोड़ दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द काम शुरू नही हुआ तो वह उपायुक्त पंचकूला से इस बाबत शिकायत करेंगे।
परवाणु बैरियर से लेकर पिंजौर मल्लाह चौक तक किया जाना था पैचवर्क
बता दें कि बीते एक वर्ष से कालका-पिंजौर की मेन सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही थी, जिसके बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने पैचवर्क का कार्य शुरू किया, लेकिन कुछ समय बाद इसे अधूरा छोड़ दिया गया।
सड़क की मरम्मत का कार्य परवाणू बैरियर से लेकर पिंजौर मल्लाह चौक तक किया जाना था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया। खासकर कालका बस स्टैंड से लेकर पिंजौर की ओर जा रही सड़क की हालत बेहद जर्जर बनी हुई है। सड़क पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासी नरेश धीमान, बाबी, सुनील का कहना है कि यदि जल्द इन गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई तो वे डीसी पंचकूला को इस बााबत ज्ञापन सौंपेंगे।