चंडीगढ़। हरियाणा में चहेतों इंस्पेक्टर को आउट आफ टर्न प्रमोशन देकर डीएसपी बनाने के मामले में कुछ इंस्पेक्टरों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर इसे चुनौती दी है।
इंस्पेक्टर मीना कुमारी और अन्य ने याचिका दायर कर बताया कि सरकार में बैठे लोग अपने पसंदीदा लोगों को डीएसपी बनाना चाहते हैं, इसीलिए पदोन्नति के लिए आयोजित होने वाली डीपीसी (विभागीय पदोन्नति कमेटी) की बैठक को रद्द कर दिया। याची ने कहा कि कुछ लोगों को फायदा देने के लिए 11 नवंबर को होने वाली बैठक को टाला गया है। याची ने बताया कि जिन लोगों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देने की तैयारी है, उनमें मुख्यमंत्री के निजी सुरक्षा अधिकारी, एक विधायक के भतीजे व ऐसे ही कुछ बड़े नाम शामिल हैं। याची ने बताया कि विभागीय बैठक के माध्यम से सही प्रकार से प्रमोशन की सूची तैयार होती है, जबकि देखने में आया है कि ऐसे कई लोगों को प्रदेश में डीएसपी बनाया गया है, जो इस पद के योग्य ही नहीं थे। हाईकोर्ट में दाखिल की गई इस याचिका पर जल्द सुनवाई होगी।