चंडीगढ़। सेक्टर 16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में चंडीगढ़ और बिहार के बीच चल रहा मुकाबला रोमांचक दौर में पहुंच गया है। बिहार के 140 रन के जवाब में चंडीगढ़ की टीम 270 रनों पर सिमट गई। इससे पहले शुक्रवार की सुबह चंडीगढ़ ने अपने बीते स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 148 रनों से आगे खेलना शुरू किया। ओवरनाइट बल्लेबाज अक्षित राणा और भागमेंदर लादेर ने सधी हुई पारी का स्कोर 200 के पार लगाया। पारी के 54वें ओवर में अपूर्व आनंद ने अक्षित राणा को 30 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दोनों बल्लेबाजों की 79 रनों की साझेदारी का अंत कर बिहार को दिन की पहली सफलता दिलाई।
छह ओवर बाद ही टीम के 250 के स्कोर पर अपूर्व ने भागमेंदर लादेर को आउट किया। ऑल राउंडर युवराज चैाधरी भी पांच रन के निजी स्कोर पर गेंदबाज अपूर्व का शिकार बने। इस समय स्कोर सात विकेट के नुकसान पर 256 रन था। निपुण पंडिता 5 और शिवांग सैनी शून्य पर जल्दी जल्दी आउट हो गए। लंच से पहले ही 71वें ओवर में बिहार के कप्तान सचिन कुमार ने चंडीगढ़ के कप्तान अमृत लुबाना को 41 के निजी स्कोर पर पैवेलियन की राह दिखा कर पूरी टीम 270 रनों पर समेट दी। गेंदबाजी में अपूर्व आनंद ने 74 रन देकर पांच विकेट चटकाए, जबकि कप्तान सचिन कुमार ने उनका बखूबी साथ देते हुए चार विकेट लिए।
वहीं, 130 रनों से पीछे चल रही बिहार की टीम ने अपनी दूसरी पारी मेें 32 रनों तक सधी हुई शुरुआत की, लेकिन जैसे ही गेंदबाजी की कमान युवराज चौधरी को दी, उसकेबाद से बिहार की टीम बिखरने लगी। युवराज ने प्रणव सिंह को तीन रन पर बोल्ड किया। इसके बाद युवराज ने अपने अगले ही ओवर में टिक कर खेल रहे विपिन सौरभ को 29 रनों पर विकेटकीपर अक्षित राणा के हाथों कैच करवाया। पारी के 16वेें ओवर में युवराज ने हर्ष राज को एक रन पर बोल्ड किया तो बिहार पर पारी की हार का संकट मंडराने लगा। इसके बाद साकिबुल गनी और उत्कर्ष के बीच 34 रनों की छोटी साझेदारी हुई। खतरनाक दिख रहे गनी एक रन चुराने के चक्कर में युवराज की सटीक थ्रो का शिकार हुए। टीम के 83 रनों के लिए गनी ने 28 रनों का योगदान दिया। अब कप्तान सचिन कुमार सिंह 31 ने उत्कर्ष 33 के साथ पारी को संभालने का जिम्मा लिया और दोनों ने दिन का खेल खत्म होने तक 47 रनों की साझेदारी कर चार विकेट के नुकसान पर 130 रन जुटाए। गेंदबाजी में युवराज ने अपने 17 ओवर मेें 28 रन देकर तीन विकेट चटकाए।