राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेलिंग बाधा, लोग वाहन की चपेट में आने का डर महसूस कर रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 7 पर बनाए गए स्लिप रोड पर कई जगहों पर राहगीरों के लिए पगडंडी नहीं बनाई गई, जिससे उन्हें आने-जाने में भारी परेशानी और खतरा महसूस करना पड़ रहा है। रात्रि के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि राहगीरों को डर रहता है कि सड़क पर चलने के दौरान कभी भी कोई वाहन उनकी चपेट में आ सकता है।
राहगीरों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा स्लिप रोड पर रेलिंग लगाई हुई है, जिससे लोगों को मजबूरी में सड़क पर चलना पड़ता है। सोहन लाल, मदन लाल, जीत राम, पवन कुमार, संजीव कुमार, विक्रम सिंह और मनजीत सिंह ने बताया कि पगडंडी न बनाए जाने से रोजाना आने-जाने में परेशानी होती है।
उन्होंने प्राधिकरण से मांग की है कि रेलिंग हटाकर राहगीरों के लिए सुरक्षित पगडंडी बनाई जाए, ताकि दुर्घटना का खतरा कम हो और लोगों को सड़क पर चलने में कोई दिक्कत न उठानी पड़े।