चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले की जांच धीमी गति से भी नहीं चल रही है। उन्होंने जांच को लटकाए जाने और दिशा से भटकाए जाने की आशंका जाहिर करते हुए पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस से केस स्टेटस रिपोर्ट सार्वजनिक करने को कहा है। मंगलवार को जारी बयान में राजा वडि़ंग ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि पंजाब पुलिस ने काम करना बंद कर दिया है और वह अन्य राज्यों की पुलिस पर निर्भर है। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग उठाते हुए कहा कि आरोपियों के अलग-अलग राज्यों में फैलने के मद्देनजर उचित होगा कि जांच किसी केंद्रीय एजेंसी के हवाले की जाए।
वड़िंग ने कहा कि मूसेवाला की हत्या को 16 दिन बीत चुके हैं और पुलिस की स्थिति आज भी वैसे ही है, जैसे 29 मई को थी। जांच में अब तक कुछ भी सामने नहीं आया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब पुलिस ने जांच की प्रगति को लेकर अब तक आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हम अभी तक यही सुन रहे हैं कि किसी को पुणे में पहचाना गया और गुजरात में काबू किया गया, जो कार्रवाई पंजाब पुलिस ने नहीं, महाराष्ट्र पुलिस ने की। इससे प्रतीत होता है कि यह जांच की दिशा भटकाने और देरी करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस के लिए जांच में किसी निर्णायक नतीजे तक पहुंचने के लिए 16 दिन का समय काफी था। उन्होंने सवाल किया कि यदि इन्होंने कुछ लोगों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया है, तो क्यों यह असली गुनाहगारों तक नहीं पहुंच पाए या फिर पंजाब पुलिस चाहती है कि हम सोशल मीडिया पर किए जाने वाले दावों पर ही भरोसा करें।