बरवाला। हेलीकॉप्टर से दुल्हन को लेने के लिए दूल्हा यमुनानगर के गांव मछरोली से सोमवार को सुबह रायपुररानी के गांव ढंडारडू पहुंचा। इस दौरान गांव ढंडारडू में हेलिकॉप्टर को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। लोग हेलीकॉप्टर और दूल्हे के साथ फोटो और वीडियो बनाते नजर आए। इसके बाद ढंडारडू में हेलीकॉप्टर में बिठाकर दूल्हा यमुनानगर के गाांव मछरोली के लिए सोमवार को सुबह 10 बजे रवाना हो गया।
इस मौके पर पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। साथ ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी और एंबुलेंस की गाड़ी भी मौके पर मौजूद थी। दूल्हा साहिल पुत्र अकबर खान ने बताया कि उसकी मां का सपना था कि बेटे की बहू हेलीकॉप्टर से लेकर आऊं। इस सपने को उसने आज पूरा किया है। इसके साथ ही दूल्हे की मां भी हेलीकॉप्टर में बैठने के बाद खुश नजर आई। इस मौके पर लोगों ने खूब फोटो खींचे व वीडियो बनाए। कार्यक्रम में सुरक्षा की दृष्टि से हेलीपैड के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई थी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी वहां मौजूद रही और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।