चंडीगढ़। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने शनिवार को हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी व भारत विकास परिषद की ओर से फरीदाबाद में तैयार किए गए 75 बेड के कोविड अस्पताल का वर्चुअल उद्घाटन किया।
विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर उन्होंने राज भवन में रेडक्रॉस के संस्थापक हैनरी ड्यूना की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। साथ ही, उन्होंने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की हरियाणा राज्य शाखा और सेंट जॉन एम्बुलेंस की स्वर्ण जयंती पर दो पुस्तकों ‘जर्नी ऑफ 50 ईयर्स’-रेडक्रॉस और ‘जर्नी ऑफ 50 ईयर्स’-सेंट जॉन का विमोचन भी किया।
राज्यपाल ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा शाखा और सेंट जॉन एंबुलेंस की स्वर्ण जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए अपील की कि संकट की इस घड़ी में इस महामारी से लड़ने में इन संस्थाओं के निष्ठावान स्वयंसेवक सहयोग करें।
250 की मांग, 40 क न्संट्रेटर मिले
राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी ने भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी से 250 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर की मांग की है, जिसमें से 40 कन्संट्रेटर हरियाणा को मिल चुके हैं। शेष ऑक्सीजन कन्संट्रेटर आने पर सभी जिलों में इनका वितरण किया जाएगा। इस मौके पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के महासचिव आरके जैन, भारत विकास परिषद व हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी की उपाध्यक्षा, सचिव डीआर शर्मा मौजूद रहे।