पंचकूला। जिला निवासी एक युवक ने पंचकूला की ही रहने वाली एक युवती से पहले दोस्ती की। शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म करता रहा। आरोपी ने युवती से पंचकूला के होटल सहित अन्य जगहों पर भी शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती शादी के लिए कहने लगी तो युवक ने इनकार कर दिया। विश्वासघात होने पर पीड़िता ने मामले की शिकायत महिला पुलिस से की। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर युवती का मेडिकल कराया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह और आरोपी युवक करीब आठ महीने से एक दूसरे के संपर्क में थे। इस दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ती गईं। आरोपी ने युवती के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा और जल्द ही शादी कर लेने का वायदा किया। इसके बाद वह युवती को होटल और अन्य जगहों पर ले जाकर उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। बहरहाल, महिला पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी है। आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।