बरवाला। बरवाला वाया रायवाली अंबाला मार्ग पर स्थित गांव भगवानपुर के पास बुधवार रात को किसी अज्ञात टिप्पर चालक द्वारा सड़क के बीच में कुछ गटका गिराए जाने से सड़क से गुजर रही दो मोटरसाइकिल फिसल गई। इस घटना में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए दो अन्य को हल्की चोटें आई। बरवाला पुलिस चौकी इंचार्ज ऋषि पाल ने बताया कि बुधवार रात को कोई अज्ञात टिप्पर चालक अपने टिप्पर से कुछ गटका सड़क के बीच में गिरा कर चला गया।
मोटरसाइकिल पर गुजर रहे राजेश वासी बरवाला व सूरज वासी ककराली की मोटरसाइकिल रात के अंधेरे में इस गटके से फिसल गई, जिससे इस घटना में राजेश वासी बरवाला व सूरज वासी ककराली जिला पंचकूला गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं सूरज की मोटरसाइकिल पर बैठे दो अन्य लोगों को हल्की चोटें लगीं। सड़क से गुजर रहे लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल सेक्टर-6, पंचकूला पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए राजेश बरवाला को सेक्टर 32 चंडीगढ़ के हॉस्पिटल व सूरज ककराली को पीजीआई रेफर कर दिया। जहां पर इन दोनों का इलाज चल रहा है
जिस अज्ञात टिप्पर चालक ने सड़क पर गटका गिराया है उसकी तलाश की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने भी सड़क पर गटका गिराने वाले टिप्पर चालक की जल्द तालाश कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही चालक को पकड़ लिया जाएगा।
ऋषि पाल, बरवाला, पुलिस चौकी इंचार्ज