पक्षियों के लिए बनाया रैन बसेरा। संवाद
पंचकूला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने माता मनसा देवी गोधाम परिसर में सोमवार को पक्षी रैन बसेरा का उद्घाटन किया। इस दौरान 10 पक्षियों को रैन बसेरे में छोड़कर सीएम ने उनको दाना डाला। इस प्रकार पंचकूला में उत्तर भारत में पक्षियों का पहला रैन बसेरा शुरू हो गया है। इसके अलावा सीएम ने मोरनी क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आरोग्य बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए कलाम एक्सप्रेस एम्बुलेंस का निरीक्षण भी किया।
कुलभूषण गोयल ने बताया कि बदलते मौसम और प्रदूषण से पक्षियों के जीवन पर संकट खड़ा हो रहा है। इस संकट से पक्षियों को बचाने के लिए माता मनसा देवी गोधाम में पंचकूला गोशाला ट्रस्ट की ओर से पक्षियों के लिए छह मंजिला आशियाना का निर्माण किया गया है। पंचकूला गोशाला ट्रस्ट ने माता मनसा देवी गोधाम में 52 फीट ऊंचा पक्षी टाॅवर बनाया है। इसे गुजरात के कारीगरों द्वारा तैयार किया गया है।
इस पर 7-8 लाख रुपये की लागत आई है। कंक्रीट से बने टावर को तापमान के उतार-चढ़ाव से बचाया जा सके, इसके लिए खास तरह के मेटेरियल का इस्तेमाल किया गया है ताकि घोंसलों के अंदर का तापमान सही रहे। इसमें लगभग 650 पक्के घोंसले हैं। हर घोंसले में 4-5 पक्षी रह सकेंगे। इस तरह तकरीबन 2500 पक्षियों के लिए यह शानदार आशियाना बना है। इसकी गोलाई करीब छह फीट बताई जा रही है।