सेक्टर- 5 और स्वास्तिक विहार के लोग बोले- जो समस्याओं का समधान करेगा, वोट उसे ही मिलेगा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। नगर निगम चुनाव का बिगुल बजते ही वार्ड नंबर-2 की सियासत गरमा गई है। इस बार क्षेत्र के मतदाता बुनियादी समस्याओं को लेकर आर-पार के मूड में हैं। मनसा देवी कॉम्प्लेक्स (एमडीसी) सेक्टर- 5 और स्वास्तिक विहार के निवासियों ने साफ कर दिया है कि जो उनकी समस्याओं का समाधान करेगा, वोट उसी को जाएगा। क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या वार्ड के बीचोंबीच गुजर रहा गंदा नाला है, जिससे उठने वाली बदबू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। वहीं एमडीसी की 39 सोसाइटियों पर भी नगर निगम ने बिना कूड़ा उठाए गारबेज कलेक्शन थोप दिया है। इसका लोग विरोध कर रहे हैं। यही हाल सेक्टर-6 और माजरी का है, जहां जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। लोगों का आरोप है कि एक समस्या खत्म होती नहीं नगर निगम दूसरी खड़ी कर देता है। इसलिए ऐेसा जन प्रतिनिधि चाहिए जो आगे आकर लोगों की समस्याओं का समाधान कराए।
प्रॉपर्टी टैक्स में गारबेज चार्ज
बिना कूड़ा उठाए लोगों के प्रॉपर्टी टैक्स में गारबेज चार्ज जोड़कर नगर निगम की ओर से भेजा जा रहा है। सोसाइटियों के लिए नगर निगम की ओर से कोई प्लानिंग नहीं की गई है। यह एक तरह की धक्केशाही है। दूसरी ओर डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ी सोसाइटियों में नहीं आती। -विजय गुप्ता, प्रधान निवासी एमडीसी -5 पंचकूला।
खोदी सड़क नहीं की ठीक
चंडीगढ़ बाॅर्डर से कमांड अस्पताल तक पानी की पाइप लाइन को सही करने के लिए सड़क की खोदाई की थी जो अबतक ठीक नहीं की गई। इस कारण राहगीरों को आने जाने में परेशानी होती है। यह एरिया धार्मिक स्थल के तहत आता है। यहां शराब का ठेका नहीं होना चाहिए। उसके बाद भी सोसाइटी नंबर एक के सामने एक शराब का ठेका मार्केट ब्लॉक में खुल गया है। -हरि ओम, निवासी वार्ड नंबर-2 पंचकूला
सड़कों पर अतिक्रमण
क्षेत्र की सड़कों पर अतिक्रमण होने से राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। एमडीसी गुरुद्वारा से पुराना पंचकूला तक रेहड़ी फड़ी वालों का कब्जा है। वहीं स्वास्तिक विहार में दुकानों के सामने अतिक्रमण ही अतिक्रमण है। स्वास्तिक विहार और एमडीसी के बाजारों में सार्वजनिक शौचालयों गंदे पड़े हैं। इस संबंध में नगर निगम कमिश्नर को अभी अवगत कराया था समस्या का समाधान नहीं हुआ।
-श्री राम खत्री, निवासी वार्ड नंबर 2 पंचकूला
ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती है
एमडीसी सेक्टर-5 में गुरुद्वारा से आगे वाले चौक पर ट्रैफिक लाइटें लगनी चाहिए। यहां आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं डोर -टू डोर गरबेज कलेक्शन नहीं हो रहा है। इस ओर नगर निगम को ध्यान देना चाहिए। -ओपी शर्मा, निवासी वार्ड नंबर दो पंचकूला।
वार्ड-2 एक नजर में
क्षेत्र : एमडीसी सेक्टर-5, 6, 2 और माजरी
कुल मतदाता- 11152
मुख्य मुद्दे: गंदा नाला, गार्बेज कलेक्शन, सार्वजनिक शौचालय और आवारा पशु, अतिक्रमण