मोरनी। खंड की खुदाना पंचायत के डूह गांव में पिछले कई दिनों से पानी की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीण हरबंस लाल ने बताया कि गांव में कई दिनों से नल सूखे पड़े हैं और पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित है। गांव में पानी की खपत बहुत कम है, इसके बावजूद भी नियमित सप्लाई नहीं हो रही। लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है और गर्मी के मौसम में स्थिति और भी विकराल होती जा रही है।
ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की लेकिन इसके बावजूद भी कोई समाधान नहीं किया गया। इस समय महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पानी की सप्लाई दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और पेयजल संकट से निजात पाई जा सके।