पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी सरकार का पहला बजट पेश करने के दौरान पंचकूला में एक एआई हब स्थापित करने का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि पिंजौर एचएमटी के सेक्टर-29 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब स्थापित किया जाएगा। यहां फिल्म सिटी बनाने की योजना पहले से ही चल रही है और अब इसके साथ एआई हब स्थापित करने की योजना बनाई जाएगी।
इस प्रोजेक्ट को लेकर हाल ही में अलग-अलग विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक भी हो चुकी है। इन दोनों प्रोजेक्टों के लिए एचएमटी में करीब 300 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। इसके बाद अब मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणा के बाद चर्चाएं तेज हो गईं हैं।
बता दें कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में दक्ष होने के बाद युवा टेक्नोलॉजी सेक्टर तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इसका उपयोग बिजनेस और हेल्थकेयर जैसे सेक्टर्स में जमकर करेंगे। ऐसे में आने वाले समय में एआई के जानकारों की काफी मांग होगी। भविष्य में जिन लोगों को एआई टूल्स की अच्छी जानकारी होगी, उन्हें रोजगार के अच्छे अवसर मिलेंगे।