पंचकूला। चंडीगढ़ सीआईडी पुलिस में तैनात महिला कांस्टेबल सपना की हत्या करने के आरोप में उसके पति परविंदर कोर्ट ने जेल भेज दिया है। उसका दो दिन का रिमांड खत्म होने पर सेक्टर-26 क्राइम ब्रांच पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया था। वहीं, इस मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने आरोपी को दो दिन का रिमांड पूरा होने पर अंबाला जेल भेज दिया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने दो दिन के रिमांड के दौरान परविंदर से हत्या से जुड़े कई एंगल से पूछताछ की है।
नशे की हालत में ऐसे की थी हत्या
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पति परविंदर का नशे और जुआ की लत के कारण अपनी पत्नी सपना के साथ आए दिन झगड़ा होता था। वह अपना नयागांव में मकान बेचना चाहता था और सपना से पैसों की मांग करता रहता था। परविंदर और सपना के बीच 10 मार्च को भी झगड़ा हुआ था। इस दौरान आरोपी पति ने नशे की हालत में सपना के सिर पर रॉड से वार करके उसकी हत्या कर दी थी। वहीं, आरोपी सपना का शव नयागांव से कार में रखकर वहां से सकेतड़ी रोड पर मैंगो पार्क के पास कार की चारों खिड़कियां बंद करके वहां से भाग गया था। इसके बाद पुलिस ने खिड़की का शीशा तोड़कर उसकी लाश बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी थी।