पंचकूला। अमरनाथ अग्रवाल धार्मिक स्थल यात्रा को 20 मई को 7 वर्ष पूरे हो जाएंगे। कोरोना काल को छोड़ धार्मिक स्थलों के लिए जाने वाली बस नियमित तौर पर चली और हजारों श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन भी करवाए। जल्द ही बड़ा कार्यक्रम अमरनाथ अग्रवाल धार्मिक स्थल यात्रा आयोजन समिति द्वारा करवाया जाएगा, जिसमें अब तक यात्रा कर चुके लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। आपस में मेलजोल बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम होगा। पंचकूला के महापौर एवं यात्रा समिति के चेयरमैन कुलभूषण गोयल ने बताया कि उनके पिता स्व. लाला अमरनाथ अग्रवाल हमेशा समाजसेवा में जुटे रहे।
पंचकूला नगर निगम के महापौर कुलभूषण गोयल ने मई माह का शेड्यूल जारी करते हुए बताया कि 3 और 4 मई को वृंदावन, 10 और 11 को हरिद्वार, 17 और 18 मई को नैना देवी एवं ज्वाला जी, 24 मई को हरिद्वार में श्रद्धालु धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रा में एक बार 35 यात्रियों को ले जाने की व्यवस्था है। कुलभूषण गोयल ने बताया कि इसका आयोजन इस बार अमरावती एजुकेशन सोसाइटी की ओर से किया जा रहा है। बस माता मनसा देवी गोधाम पंचकूला मनसा देवी कांप्लेक्स से चलेगी और यात्रियों को यहीं छोड़ेगी। कुलभूषण गोयल ने कहा कि बुजुर्ग इस यात्रा का लाभ अवश्य उठाएं। यात्रियों से आने-जाने का कोई भी किराया नहीं लिया जाता। गोयल परिवार ने अपने पिता समाजसेवी स्वर्गीय लाला अमरनाथ अग्रवाल की याद में यात्रा को शुरू किया है। इच्छुक यात्री एएनए ग्रुप के कार्यालय एससीओ नंबर 10-11 सेक्टर 2 पंचकूला या हेल्पलाइन नंबर 9216115297 या 8901337344 पर संपर्क कर सकते हैं।