लुधियाना। रोमानिया में मृत पठानकोट के सुजानपुर निवासी 32 वर्षीय कुलदीप कुमार के पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने के मामले में एक एजेंसी नियुक्ति कर दी गई है जिसने शव को अपनी कस्टडी में ले लिया है। अब जल्द ही शव को भारत वापस लाया जाएगा।
कुलदीप कुमार की इस माह की शुरुआत में रोमानिया के तिमिसोआरा शहर में मृत्यु हो गई थी। वह वहांं एससी स्टारटो एसआरएल में कार्यरत थे। कुलदीप की मृत्यु की सूचना 3 अक्तूबर को उनके सहकर्मी शमशेर सिंह ने परिवार को दी थी। इस मामले में कुलदीप के भाई हीरा सिंह ने अधिकारियों को पत्र लिखकर अपने भाई के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए भारत वापस लाने में सरकार से मदद मांगी थी।
विज्ञापन
एनआरआई मामलों के मंत्री संजीव अरोड़ा ने तत्काल विदेश मंत्रालय (एमईए) और बुखारेस्ट स्थित भारतीय दूतावास को पत्र लिखा। मंत्री ने भारतीय मिशन से अनुरोध किया कि वे भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और नई दिल्ली स्थित रोमानिया के उच्चायोग से समन्वय करें।
मंत्री की इस अपील के बाद बुखारेस्ट स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की कि वे परिवार के सदस्यों और रोमानियाई अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। दूतावास के द्वितीय सचिव सतीश कुमार ने बताया कि औपचारिकताओं को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। 22 अक्तूबर को विदेश मंत्री कार्यालय के अपर सचिव विभूति पांडे ने मंत्री अरोड़ा को सूचित किया कि भारतीय दूतावास ने पार्थिव शरीर की वापसी की प्रक्रिया संभालने के लिए एक एजेंसी नियुक्त कर दी है। एजेंसी से ईमेल प्राप्त हुआ है जिसमें पार्थिव शरीर को अपनी कस्टडी में लेने की पुष्टि की गई है।