हिमाचल प्रदेश में शिमला के बसंतपुर का रहने वाला था मृतक, सीसीटीवी कैमरे में कैदसंवाद न्यूज एजेंसी
कालका।
परेड मोहल्ला में एक 22 साल के युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 22 साल के युवक लक्ष्य निवासी बसंतपुर, शिमला, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। यहां आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। वह भारत नगर में किराये के मकान में रहता था। शव पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। वहीं, इसकी सूचना पर सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए।
पुलिस ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक युवक बेसुध पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव कालका अस्पताल ले गई। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कालका थाना प्रभारी प्रीतम ने बताया कि लक्ष्य वर्मा परवाणू में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और भारत नगर में पत्नी के साथ किराये पर रहता था। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ मामला
परेड मोहल्ले के सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा है कि रविवार सुबह करीब 5 बजे एक स्विफ्ट डिजायर टैक्सी कार में लक्ष्य के साथ दो व्यक्ति सवार हैं, इनमें से एक ने टोपी पहनी हुई है। वह व्यक्ति कार से उतरने के बाद परेड मोहल्ला के कुछ घरों में लक्ष्य की पत्नी का नाम लेकर उसका पता पूछ रहा है, लेकिन काफी देर तक जब कुछ पता नहीं चल पाता तो वह बेसुध अवस्था में लक्ष्य को कार से उतारकर गली में छोड़कर चला जाता है। बताया जा रहा है कि पुलिस कार चालक और उसमें मौजूद दूसरे व्यक्ति जिसने टाेपी पहनी हुई है दोनें को तलाश रही है, जिससे मामले की तह तक जाया जा सके।