पंचकूला। बाइक चालक ने चलती बाइक में अचानक ब्रेक लगा दी। बाइक अनियंत्रित हाने से पीछे बैठा युवक सड़क पर गिर गया। इस कारण उसे गंभीर चोटें आईं। पीजीआई में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पंकज (33) निवासी एमडीसी स्वास्तिक विहार के रूप में हुई है। हालांकि युवक ने हेलमेट पहना था, लेकिन फिर भी उसकी जान नहीं बच पाई। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने आरोपी बाइक चालक को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में विपिन कुमार ने बताया कि वह इंडस्ट्रियल एरिया में लेबर का काम करते हैं। उनके ताऊ का लड़का पंकज भी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में सुपरवाइजर का काम करता था। 14 जून को विपिन और पंकज ने गाड़ी में माल लोड कर दिया। इसके बाद विपिन ने पंकज से स्वास्तिक विहार जाने के लिए कहा। इस पर पंकज ने महाबीर सिंह के साथ आने के लिए कहा। इस पर विपिन चला गया। जैसे ही विपिन वेला विस्टा चौक के आगे गए तो महाबीर बाइक चला रहा था। उसने विपिन को देखकर एकदम बाइक पर ब्रेक लगा दी। ब्रेक लगा देने के बाद पीछे बैठा पंकज सिर के बल सड़क पर गिर गया। इस पर उसे गंभीर चोटें आईं। चोट आने के बाद उसे सेक्टर-6 सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत में पंकज को सिविल अस्पताल से पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई के डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद पंकज केे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर बाइक चलाने वाले आरोपी महाबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया।