पंचकूला। नगर निगम सदन की बैठक 30 जून को सेक्टर-14 स्थित किसान भवन में सुबह 11 बजे होगी। सदन के पटल पर 19 एजेंडे रखे जाएंगे, जिस पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इनमें से एक एजेंडा अवैध कॉलोनियों को मूलभूत सुविधाएं देने का है। इस मामले को निगम की पहली बैठक में वार्ड नंबर-7 की पार्षद ऊषा रानी ने प्रमुखता से उठाया था। इसके अलावा निगम की सीमा के अंदर आने वाले सभी छोटे-बड़े पार्क के रेट पर भी चर्चा होगी। छोटे पार्कों के रेट 3 से 5 रुपये और बड़े पार्कों के रेट 3 से 4 रुपये रखने का मुद्दा उठेगा। कोविड बीमारी के कारण पार्क डेवलपमेंट सोसाइटी के एग्रीमेंट तीन माह तक पुरानी सोसाइटी को दिए जाने और नई सोसाइटी के एग्रीमेंट एक साल की जगह दो साल करने पर विचार होगा।
नगर निगम के अंतर्गत जितने भी कर्मचारी 62 वर्ष से अधिक आयु के हैं, उनको तत्काल प्रभाव से हटाने और भविष्य में 62 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी कर्मचारी न रखने के एजेंडे पर चर्चा होगी। फाइनेंस और कांट्रेक्ट समिति का गठन किया जाए। जितने भी सामुदायिक केंद्र हैं उनका रेट शहर और गांव के अनुसार रखा जाए, ताकि आम आदमी भी उस फीस को जमा करवा सके। सामुदायिक केंद्र को पब्लिक के लिए स्पोर्ट्स/लाइब्रेरी आदि एक उचित सदस्यता शुल्क दिया जाए। इससे निगम की आय में भी बढ़ोतरी हो सके। सामुदायिक केंद्र के लिए अलग से मैनेजमेंट कमेटी बनाई जाए। शालीमार मॉल के प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
जिन्होंने अभी तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं करवाया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। शालीमार मॉल के प्रॉपर्टी टैक्स की गणना/पैमाइश निगम द्वारा फिर से की जाए। नगर निगम के अंतर्गत आने वाले पालतू कुत्तों का पंजीकरण किया जाए। शहर में अतिक्रमण रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाए। नगर निगम के अंतर्गत पड़ने वाले मोबाइल टॉवर्स व टेलीफोन लाइन की तरफ से कोई भी भुगतान नगर निगम पंचकूला को नहीं किया जा रहा है। इस कारण नगर निगम पंचकूला को सालाना बहुत नुकसान हो रहा है। कर्मचारियों/अधिकारियों को सख्त हिदायतें देकर इन सभी डिफॉल्टर पर सख्त कार्रवाई की जाए।
नगर निगम द्वारा एक नए सिरे से वेंडर्स के लिए नई वेंडिंग जोन समिति को बनाना उचित होगा। बहुस्तरीय पार्किंग व प्रवेश द्वार बनाने बारे पंचकूला शहर में पार्किंग की समस्या बहुत अधिक हो गई है, जिसके कारण भविष्य में इस प्रकार की समस्या से निपटने के लिए पंचकूला शहर में जल्द से जल्द बहुस्तरीय पार्किंग को बनाई जाए। शहर को सुंदर बनाने के लिए सभी चौक पर सजावटी लाइट लगाई जाए, ताकि लोग आकर्षित हों। इसके अंतर्गत पंचकूला क्षेत्र में जितने भी बड़े बड़े पार्क हैं। उनके अंदर कोई म्युजियम, आर्ट्स व आकर्षक मॉडल लगाए जाएं। शहर के विभिन्न सेक्टरों में इवनिंग व नाइट फूड स्ट्रीट खोली जाएं।
चंडीमंदिर में निगम की जमीन पर एजुकेशन और रिक्रिएशन सिटी को बनाने की योजना तैयार की जाए। अवैध गांव/कॉलोनियां जैसे बीड़ घग्गर, राजीव कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, खरक मंगोली, भैसा टिब्बा आदि में मूलभूत सुविधाएं जैसे छोटे नालों पर पुल, स्ट्रीट लाइट पक्की गलियों का निर्माण आदि को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा।