मोहाली। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करवाकर करीब 12 करोड़ की ठगी के मामले में नामजद भागे आरोपी अश्वनी कुमार को मटौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अश्वनी कुराली का रहने वाला है, पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार किया है। आरोपी को मोहाली अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एसएचओ मटौर कुलवंत सिंह ने बताया कि एक फर्म बनाकर लोगों से करीब 12 करोड़ की ठगी की गई थी। आरोपी 25 माह में रुपये दोगुना करने झांसा देकर ठगी करता था। ठगी करने वाले हरसुख स्टडी वीजा एंड इमिग्रेशन कंपनी के मालिक एवं पंजाब पुलिस से रिटायर्ड मोहन सिंह को पुलिस पहले ही चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर चुकी है।
आरोपी मोहन सिंह और अश्वनी कुमार के खिलाफ मटौर थाने में धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। नयागांव के रहने वाले साहिल वर्मा की शिकायत पर यह केस दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने 2023 से लेकर मई 2024 तक कंपनी को करीब 18.60 लाख रुपये दिए। उसने दोस्तों के भी दो लाख रुपये कंपनी में निवेश करवाए। उसके बाद कंपनी ने अचानक प्लान बंद कर रुपये ठग लिए। दरअसल मोहन सिंह, अरमान सिंह, इंदरदीप सिंह और अश्वनी कुमार ने मिलकर एक साथ क्वाइन क्रिप्टो करेंसी के नाम से एक कंपनी बनाई थी। आरोपियों ने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, यूपी और विदेशों में बैठे कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया और 12 करोड़ रुपये ठगे।