पंचकूला। खिलाैनों और गुड़िया में चरस भरकर कूरियर करने वाले गांव एर्नाकुलम निवासी आरोपी आशिक रथीश को सीआईए ने शनिवार को केरल से गिरफ्तार कर लिया है। केरल कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने उसको तीन दिन के रिमांड पर लिया है। सीआईए की टीम आरोपी को मंगलवार को पंचकूला लेकर पहुंचेगी। डीटीडीसी से आरोपी कहां-कहां चरस सप्लाई करता था, इसके बारे में पता लगाएगी।
डीटीडीसी कूरियर ऑफिस से पकड़े गए खिलौने के बाद जांच टीम को यह जानकारी मिली थी कि आरोपी कई तरह के खिलौनों से चरस भरकर सप्लाई करता था। वह डिमांड के हिसाब से खिलौने का चयन करता था। 250 ग्राम है तो छोटे खिलौने में भेजता था। अगर आधा से एक किलो तक सप्लाई करना होता तो बड़े खिलौने का प्रयोग करता था।
मंडी के होटल में करता था काम
सीआईए इंचार्ज निर्मल सिंह ने बताया कि केरल से पकड़ा गया चरस तस्करी का आरोपी पांच साल से हिमाचल के मंडी में रहता था। वह वहीं पर एक होटल में काम करता था। यह भी जानकारी मिली है कि होटल में काम करते समय वह कूरियर की मदद से पंचकूला में कई जगहों पर सप्लाई देता था।
केरल से आरोपी को लेकर रविवार को टीम लेकर निकल गई है। आरोपी को मंगलवार दोपहर तक टीम पंचकूला लेकर पहुंचेगी। तीन दिन के रिमांड पर यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी कब से चरस कूरियर के माध्यम से डिलवरी करता था। इसके अलावा पंचकूला में कितने सौदागरों से जुड़कर वह यह काम करता था। इसके बारे में भी पता लगाया जाएगा। -निर्मल सिंह, इंस्पेक्टर, सीआईए-19 पंचकूला