पंचकूला। दूसरी शादी करने, दहेज प्रताड़ना, अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी इकविंदर सिंह को पंचकूला महिला थाना पुलिस ने चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी दुबई से चेन्नई आ रहा था। आरोपी का लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी इकविंदर सिंह पंजाब के फतेहगढ़ साहिब का रहने वाला है। पुलिस ने इस मामले में दो साल बाद गिरफ्तारी की है।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पंचकूला में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी युवक इकविंदर सिंह ने वर्ष 2022 में पीड़िता से विवाह किया था। विवाह के एक वर्ष बाद ही वर्ष 2023 में आरोपी ने एक अन्य महिला से शादी कर ली और दुबई चला गया। मामले में आरोपी की सास और ससुर के खिलाफ पहले ही न्यायालय में चार्जशीट पेश की जा चुकी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई थी। इस दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी बीते 1 मई को हवाई मार्ग से दुबई से चेन्नई आने वाला है। इस सूचना के आधार पर डीसीपी पंचकूला हिमाद्रि कौशिक के दिशा-निर्देश पर महिला थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर नेहा संधू और एएसआई सुदेश कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम चेन्नई भेजी गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 2 साल से फरार आरोपी को चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी इकविंदर सिंह को जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पंचकूला डीसीपी हिमाद्रि कौशिक ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध सहन नहीं किए जाएंगे। पुलिस टीम इस तरह के अपराधों पर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करेगी।