पंचकूला। महिला कांस्टेबल सपना की हत्या के मामले में सेक्टर-26 क्राइम ब्रांच की टीम ने कई अहम खुलासे किए हैं। आरोपी पति परविंदर के नशा करने के कारण रोजाना सपना से झगड़े होते थे। पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपी पति मकान बेचने की जिद करता था और सपना पैसे मांगता था। इसलिए घरेलू कलह में रोजाना झगड़े होते थे। इस कारण आरोपी पति परविंदर ने महिला कांस्टेबल सपना की हत्या का फैसला किया। उसने कोल्ड डि्रंक में जहर देकर पहले गला घोटा, फिर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी से जिस रॉड से सपना के सिर पर हमला किया था वह बरामद कर ली है। पुलिस आरोपी परविंदर के गांव गोरिया में उसके घर गई। वहां पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो परविंदर के नशे करने की बात सामने आई।
वहीं, सपना के भाई गौरव ने आरोप लगाया था कि सपना को कई बार घरेलू कलह और पैसे मांगने पर नहीं देने पर परविंदर मारपीट करता था। उनका चार बार समझौता हो चुका था। इसके बाद भी वह मकान बेचने की जिद पर अड़ा और बाज नहीं आया। इसके बाद सपना को रास्ते से हटाने के लिए परविंदर ने उसकी हत्या की सोची। पंचकूला क्राइम ब्रांच सेक्टर -26 के इंचार्ज मनदीप ढांडा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी को मंगलवार को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।