संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। मेयर कैंप ऑफिस में वित्त और अनुबंध समिति की बैठक के दौरान रखे गए सौ प्रस्ताव में कुछ रद कर दिए गए और कुछ को थोड़े समय के लिए लंबित कर दिए गए। इस दौरान एबीसी सेंटर का दोबारा रिकॉल करने, 10 नए टिप्पर खरीदनें और पानी-सीवरेज व गलियों संबंधी प्रस्ताव पास किए गए।
नगर निगम के कानूनी सलाहकार को निगम फंड से सीधे भुगतान के प्रस्ताव पर रोक लगा दी गई। मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर ने बताया कि दूसरे दिन भी सर्वसम्मति से प्रस्तावों को पास किया गया। इसके साथ ही एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर का टेंडर दोबारा से लगाने पर सहमति जताई गई। इसमें नई मशीनरी जिसमें 10 टिप्पर खरीदना शामिल है। इस मीटिंग में कई वार्डों में सीवरेज, पानी व गलियां बनाने वाले कामों को मंजूरी दी गई। इसके साथ ट्यूबवेल अपरेटरों को बदलने के प्रस्ताव को पास कर दिया गया। मेयर प्रिंसीपल इंद्रजीत कौर की अगुवाई में हुई इस मीटिंग में सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर और डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर भी शामिल रहे। बुधवार को दोबारा बैठक होगी जिसमें 193 प्रस्ताव रखे जाएंगे। इस मीटिंग के बाद मेयर इंद्रजीत कौर ने कूड़े की लिफ्टिंग को लेकर कहा कि कूड़ा प्रबंधन को लेकर इसमें कोई कोताही न बरती जाए। लोडिंग और अनलोडिंग के कामों के तेजी लाई जाए। प्लाटों में जो कूड़े के ढेर हैं उनको हटाया जाए। उन्होंने कहा कि प्लॉट मालिकों को प्लॉटों से कूड़ा उठाने के लिए पहले भी सूचित किया जा चुका है। अगर वह कूड़ा नहीं हटाते तो उन पर जुर्माना लगाया जाए।