पंचकूला पुलिस ने 4 घंटे में सकुशल ढूंढ निकाला
अंबाला लौटते समय रास्ता भटकी 17 वर्षीय लड़की, लोकेशन ट्रैक कर पुलिस ने परिजनों से मिलाया
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पंचकूला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रास्ता भटककर पंजाब के पटियाला पहुंची अंबाला निवासी 17 वर्षीय किशोरी को महज चार घंटे में सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। किशोरी पंचकूला में रिश्तेदारों से मिलने के बाद अंबाला लौट रही थी, लेकिन गलती से दूसरी बस में बैठने के कारण पटियाला पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार घटना 19 मई की है। किशोरी के अचानक संपर्क से बाहर होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस चौकी की टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और तकनीकी सहायता व लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए किशोरी का पता लगाया।
पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों में किशोरी को पटियाला से सुरक्षित बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। बेटी के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने पुलिस का आभार जताया।
एसीपी विक्रम नेहरा ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पंचकूला पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।