पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में चल रही नमो क्रिकेट लीग के सुपर नॉकआउट मुकाबलों में शुक्रवार को रोमांच चरम पर रहा। अगले दौर में जगह बनाने के लिए टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
मोगा मेवरिक्स ने समालखा सुपरस्टार्स को पांच रन से हराया। समालखा 58 रन पर ऑलआउट हो गई। मोगा ने चार ओवर में 61 रन बनाकर जीत दर्ज की। आकाश दीप सिंह ने चार विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच रहे। हरदीप सिंह ने 34 रन बनाए।
पंचकूला पैंथर्स ने देहरादून डेयरडेविल्स को आठ विकेट से शिकस्त दी। देहरादून ने 123 रन बनाए, जवाब में पंचकूला ने नौ ओवर में दो विकेट पर 127 रन बना लिए। मनन शर्मा ने 63 रन की पारी खेली और मैन ऑफ द मैच रहे।
जालंधर जगुआर्स ने रोहतक रॉयल्स को नौ विकेट से हराया। रोहतक 55 रन पर सिमटा, जबकि जालंधर ने पांच ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। नवी संसारपुर मैन ऑफ द मैच रहे।
कैथल नाइट्स ने चंडीगढ़ चैंपियंस को एक रन से हराया। कैथल ने 78 रन बनाए, जबकि चंडीगढ़ 77 रन ही बना सका। राजेश धुल ने चार विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच रहे।
हिसार हीरोज ने नरायणगढ़ निन्जास को 28 रन से हराया। हिसार ने 132 रन बनाए। जवाब में नरायणगढ़ 104 रन पर आठ विकेट गंवा सका। दीपु किंग मैन ऑफ द मैच रहे।