पंचकूला। चोरी और स्नैचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए ऑपरेशन हंटडाउन के तहत पंचकूला पुलिस ने सितंबर में 19 मामलों में 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 78 वाहन, छह मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान दो बड़े वाहन चोर गिरोहों का भी पर्दाफाश किया गया। चोरी का सामान खरीदने और आगे सप्लाई करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसी कड़ी में पुलिस ने ट्राईसिटी में करीब 60 स्नैचिंग की वारदात करने के आरोपी विक्की उर्फ देवेन्द्र सिंह और उसके रिश्ते के साले उस्मान अली को गिरफ्तार किया। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 1800 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।