फैशन कम्युनिकेशन में पूरे निफ्ट सिस्टम में रहीं अव्वल, दीक्षांत समारोह-2026 में द्रौपदी मुर्मू ने पहनाया मेडल
दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति के हाथों सम्मान पाना तनिषी के साथ निफ्ट पंचकूला के लिए भी गौरव का क्षण शीर्ष महिला व्यवसायियों में पहचान बनाने का सपना
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-23 स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) पंचकूला की छात्रा तनिषी गर्ग ने संस्थान का नाम रोशन किया है। फैशन कम्युनिकेशन में पूरे निफ्ट सिस्टम में टॉप करने पर उन्हें दिल्ली में आयोजित निफ्ट दीक्षांत समारोह-2026 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रतिष्ठित निफ्ट कॉन्वोकेशन गोल्ड मेडल से सम्मानित किया। राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिलना तनिषी और निफ्ट पंचकूला दोनों के लिए गौरव का क्षण रहा। समारोह में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, कपड़ा मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव और निफ्ट की महानिदेशक तनु कश्यप, आईएएस समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मेहनत और रचनात्मक सोच का परिणाम
निफ्ट पंचकूला के कैंपस डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. अमनदीप सिंह ग्रोवर ने तनिषी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि कैंपस में विकसित हो रही रचनात्मक और अकादमिक उत्कृष्टता का प्रमाण है। फैशन कम्युनिकेशन की कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. मरिशा नरूला के मार्गदर्शन में विभाग लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। इस कोर्स में फैशन जर्नलिज्म, स्टाइलिंग, ग्राफिक डिजाइन, विजुअल मर्चेंडाइजिंग, फोटोग्राफी और ब्रांड कम्युनिकेशन जैसे विषय शामिल हैं।
राष्ट्रपति से मुलाकात सबसे यादगार पल
तनिषी ने कहा कि किसी भी काम को पूरी मेहनत, ईमानदारी और लगन से किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात को जीवन का सबसे गौरवपूर्ण और भावुक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि राष्ट्रपति से मिलने का अवसर मिलेगा।
बनना चाहती हैं शीर्ष महिला व्यवसायी
तनिषी ने बताया कि भविष्य में वह देश की शीर्ष महिला व्यवसायियों में अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं। उनका सपना है कि मेहनत, आत्मविश्वास और मजबूत इरादों के बल पर व्यवसाय जगत में बड़ी सफलता हासिल करें और उनकी कामयाबी बेटियों व युवाओं के लिए प्रेरणा बने।
निफ्ट पंचकूला के 181 विद्यार्थियों को मिली डिग्री
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट), पंचकूला के 181 यूजी और पीजी विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह में डिग्री प्रदान की गई। निफ्ट के सभी 20 कैंपस का संयुक्त दीक्षांत समारोह 31 अगस्त को नई दिल्ली के यशोभूमि में हुआ, जिसमें देशभर के 3793 विद्यार्थियों को डिग्री मिली। समारोह में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, सचिव नीलम शमी राव और निफ्ट महानिदेशक तनु कश्यप समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया।