पंजाब सरकार अपने लिए तीन मालगाड़ियां खरीदेगी। मोहाली में एसोचैम के विजन पंजाब में सीएम भगवंत मान ने 1000 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश पर कम से कम तीन कैप्टिव मालगाड़ियों की योजना साझा की और बताया कि ये राज्य में निर्माता निर्यातकों और व्यापारियों को एक कनेक्टिविटी वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य होगा, जिसके पास अपनी ट्रेनें (माल) होंगी। परियोजना के लिए रेलवे की रियायती फाइनेंस योजनाओं का उपयोग किया जाएगा।
बिजली की उपलब्धता के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा, झारखंड में पंजाब की कैप्टिव कोयला खदान जो किन्हीं कारणों से बंद पड़ी थी, फिर से खुल गई है, इसलिए बिजली उत्पादन के लिए कोयले की कमी नहीं होगी। राज्य अक्षय ऊर्जा के लिए भी प्रतिबद्ध है।
पंजाब से राज्यसभा सांसद विक्रमजीत साहनी ने घोषणा की कि उनका एनजीओ सन फाउंडेशन सरकारी स्कूलों से 12वीं के बाद सालाना 5000 युवाओं को मुफ्त कौशल प्रशिक्षण प्रदान करेगा और उन्हें पंजाब में उद्योग में उपयुक्त नौकरियों के लिए तैयार करेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कृषि मूल्य श्रृंखला में निवेश को बढ़ावा दिया जाना चाहिए और किसान उत्पादक संगठन एफपीओ स्थापित किए जाने चाहिए।
एसोचैम उत्तर क्षेत्र विकास परिषद और उपाध्यक्ष, इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड एएस मित्तल ने कहा कि पंजाब तेजी से बढ़ रहा, लेकिन अब भी लंबा रास्ता तय करना है। कृषि और संबद्ध क्षेत्रों, उद्योग, व्यापार और अर्थव्यवस्था, एमएसएमई, सेवा क्षेत्र, रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे, अचल संपत्ति और वित्तीय नीतियों में सुधार के लिए संरचनात्मक नीतियों में संशोधन या सुधार करके पंजाब में समग्र औद्योगिक और आर्थिक विकास की सख्त आवश्यकता है।