पंचकूला। सेक्टर-17 कि रहने वाली स्वस्तिका ने जींद में आयोजित एआईटीए टूर्नामेंट में भाग लिया। इस टूर्नामेंट में टेनिस खिलाड़ी स्वस्तिका ने गर्ल्स अंडर -14 के सिंगल और डबल्स मुकाबलों में शानदार जीत अपने नाम की। इस उपलब्धि से न केवल स्वस्तिका का नाम रोशन हुआ है, बल्कि उनकी अकादमी और स्कूल का भी मान बढ़ा है।
पिछले कुछ समय से स्वस्तिका प्रो चैंप टेनिस अकादमी के अंतर्गत डीडब्ल्यूपीएस स्कूल ढकोली में अभ्यास करती है। स्वस्तिका ने कठिन मेहनत, अभ्यास और समर्पण के बल पर इस टूर्नामेंट में अपनी योग्यता से प्रदर्शन किया। उन्होंने दोनों मुकाबलों में बेहतरीन खेल दिखाया और अपने विरोधियों को कड़ी टक्कर दी।
प्रो चैंप टेनिस अकादमी के कोच ननीन ने कहा कि स्वस्तिका की जीत हमारे लिए गर्व की बात है और यह साबित करता है कि मेहनत और लगन से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट में स्वस्तिका ने अपनी तकनीक, धैर्य और खेल की समझ का बेहतरीन प्रदर्शन किया। खेल के प्रति उनकी रुचि और लगन भविष्य में उन्हें और भी बड़े मंचों पर ले जाएगी।