महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में पहुंची यात्रा, मंगलवार को चंडीगढ़ में राज्यपाल को सौंपेंगे ज्ञापन
बरवाला में मशाल जलाकर यूजीसी बिल का विरोध करते युवा।
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में पानीपत से शुरू हुई स्वर्ण न्याय पैदल यात्रा रविवार देर शाम बरवाला पहुंची। यहां सवर्ण समाज के युवाओं ने यात्रा का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने यूजीसी बिल को वापस लेने की मांग को लेकर नारेबाजी की और आंदोलन के समर्थन में नारियल अर्पित कर संकल्प दोहराया।
बरवाला पहुंचने से पहले बतौड़ स्थित एक पैलेस में स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद यात्री मशाल जलाकर यूजीसी बिल का विरोध करते हुए बरवाला बस स्टैंड पहुंचे और महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
महिपाल मकराना ने कहा कि यूजीसी बिल से युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से सरकार तक पहुंचाना है।
सोमवार सुबह आठ बजे यात्रा बरवाला से रवाना हुई। गांव जलौली, नग्गल और कोट में युवाओं ने यात्रा का स्वागत किया। आयोजकों ने बताया कि मंगलवार को चंडीगढ़ में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद यात्रा के इस चरण का समापन होगा।