राज्यमंत्री राजेश नागर ने डिपोधारकों को दिए निर्देश- हर कार्डधारक को पात्रता के अनुसार पूरा राशन देना होगा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले के 110 राशन डिपो की सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार जल्द नए राशन डिपो आवंटित करेगी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्यमंत्री राजेश नागर ने बुधवार को पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में राशन डिपोधारकों के साथ संवाद के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने डिपोधारकों को प्रत्येक राशन कार्डधारक को उसकी पात्रता के अनुसार पूरा राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हर माह सीधे खातों में पहुंचेगा मार्जिन
राजेश नागर ने कहा कि पीडीएस में तकनीक, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जा रही है। डिपोधारकों को मिलने वाला मार्जिन अब प्रत्येक माह की एक से पांच तारीख के बीच सीधे उनके बैंक खातों में जमा कराने की व्यवस्था की जा रही है। इससे उन्हें भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नई मशीनें और इलेक्ट्रॉनिक कांटे दिए
राज्यमंत्री ने बताया कि सभी डिपोधारकों को नई मशीनें और इलेक्ट्रॉनिक कांटे उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इनके सही इस्तेमाल के निर्देश दिए गए हैं। स्मार्ट पीडीएस के तहत 5जी-सक्षम ई-पीओएस मशीनों को कनेक्टेड वेइंग सिस्टम से जोड़ा गया है। इससे राशन वितरण और वजन में पारदर्शिता बढ़ाने तथा राशन डायवर्जन की संभावना कम करने का दावा किया गया है।
तय समय पर खोलने होंगे डिपो
मंत्री ने डिपोधारकों को गर्मियों में सुबह आठ से दोपहर 12 बजे और शाम पांच से रात आठ बजे तक डिपो खोलने के निर्देश दिए। सर्दियों में सुबह नौ से दोपहर एक बजे और दोपहर तीन से शाम छह बजे तक डिपो खुले रखने होंगे। प्रत्येक डिपो पर साइन बोर्ड लगाने और परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
कम राशन मिला तो कार्रवाई
राजेश नागर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डिपोधारकों को राशन वजन करने के बाद ही उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि अगले माह से चीनी की आपूर्ति एक किलोग्राम के पैकेट में की जाएगी। निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलने पर संबंधित ठेकेदार या अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष ओमप्रकाश देवीनगर और विभाग के अतिरिक्त निदेशक राजकुमार सैनी मौजूद रहे।