सप्लाई में देरी और ऑनलाइन डिलीवरी ठप, एजेंसियों पर सुबह से लग रहीं लंबी कतारें
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शहर में घरेलू गैस सिलिंडर की सप्लाई को लेकर उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुकिंग के बाद भी लोगों को गैस के लिए एजेंसियों के बाहर 5 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है।
ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद घर तक डिलीवरी न होने से लोगों को खुद एजेंसी पहुंचना पड़ रहा है। सुबह एजेंसी खुलने से पहले ही लंबी कतारें लग जाती हैं। उपभोक्ताओं को पहले पर्ची लेने के लिए लाइन में लगना पड़ता है और फिर सिलिंडर मिलने का इंतजार करना पड़ता है।
गैस सिलिंडर की बढ़ती मांग और सप्लाई में देरी के कारण पूरे शहर में ऐसे हालात बने हुए हैं। कई बार भीड़ के कारण बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है और झड़प की स्थिति भी बन जाती है। सेक्टर-16 स्थित भारत गैस एजेंसी के मैनेजर राजेश कुमार ने बताया कि सप्लाई की गाड़ियां देरी से पहुंचने के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है।
पांच घंटे बाद मिला सिलिंडर
इंदिरा कॉलोनी निवासी निशा ने बताया कि वह सुबह सात बजे एजेंसी पहुंचीं। करीब दो घंटे लाइन में लगने के बाद पर्ची मिली, लेकिन गाड़ी देर से आने के कारण उन्हें दोपहर 12 बजे सिलिंडर मिला। वहीं राजीव कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि सुबह आठ बजे आने के बावजूद उन्हें दोपहर एक बजे गैस मिल सकी।
प्रशासन ने दिए निर्देश
डीसी सतपाल शर्मा ने बताया कि सभी गैस एजेंसी संचालकों को समय पर घरेलू गैस की डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।