संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। शहर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के ऑनलाइन चालान मोबाइल के जरिये पहुंचने लगे हैं। 15 दिन में 1600 से ज्यादा ऑनलाइन चालान कटे हैं। शहर में कैमरों से 1050 जगहों पर नजर रखी जा रही है। 142 सीसीटीवी कैमरों से प्रमुख चौकों पर चालान शुरू हो चुके हैं। अभी जेब्रा क्रॉसिंग, रेड लाइट जंप और रॉन्ग साइड वॉयलेशन करने वालों पर सख्ती हो रही है।
एडीसीपी ट्रैफिक गुरबाज सिंह ने कहा कि 102 कैमरे ऑटोमेटिक नंबर प्लेट को रीड करने वाले हैं। इसके अलावा रेड लाइट वॉयलेशन डिटेक्शन के लिए 40 और 83 बुलेट कैमरे हैं। लोग चालान से बचने के लिए नियमों का पालन करें। चालान के साथ वाहन चालक द्वारा तोड़े नियम का सबूत भी अटैच किया जा रहा है। कंट्रोल रूम से चालान की काॅपी वाहन चालक के रजिस्टर्ड नंबर पर भेजी जाती है। अगर नंबर नहीं है तो आरसीबी पर दर्ज एड्रेस पर चालान जाता है। इसके भुगतान का समय 60 दिन है। फिर कोर्ट से 90 दिन मिलेंगे। भुगतान न होने पर लाइसेंस व आरसी रद्द होगी। 13 पॉइंट पर शहर में कुल 142 हाई रेजोल्यूशन कैमरे इंस्टाॅल किए गए हैं। इनसे सबसे ज्यादा चालान पीएपी और बीएमसी चौक में हो रहे हैं। चालान पर बार कोड स्कैन कर भी ऑनलाइन चालान भर सकते हैं।