बरसात से नई सड़क को नुकसान का खतरा, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले सामने आया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित मोरनी दौरे से पहले मोरनी-समलौठा रोड पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की बचाव दीवार को तोड़कर उसके पत्थर चोरी करने का मामला सामने आया है। विभाग ने बरसात के दौरान नई सड़क को नुकसान पहुंचने की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोक निर्माण विभाग के उपमंडल अभियंता नरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मोरनी-समलौठा मार्ग पर अज्ञात लोगों ने विभाग द्वारा निर्मित बचाव दीवार को क्षतिग्रस्त कर उसके पत्थर निकाल लिए। इससे सरकारी संपत्ति को नुकसान हुआ है।
विभाग के अनुसार बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में दीवार टूटने से नई बनी सड़क को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
शिकायत में बताया गया है कि 3 जून को मुख्यमंत्री का मोरनी दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में मामले को गंभीर मानते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। मंगलवार को उपमंडल अभियंता नरेश कुमार ने मोरनी पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी। पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान के प्रयास में जुटी है।