चंडीगढ़। बेहतरीन और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करने की ओर कदम बढ़ाते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को 125 करोड़ रुपये की लागत वाले प्रोजेक्ट ‘राज्यव्यापी रेडियो डायग्नोस्टिक और लैबोरेटरी सेवा’ और ‘नई सूरत वाली 108 एंबुलेंस इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेवा’ की वर्चुअल ढंग से बटाला और मोहाली से शुरुआत की।
श्री गुरु नानक देव जी और माता सुलक्खनी जी के 534वें विवाह पर्व के पवित्र अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल बटाला में नवीन ‘मुख्यमंत्री ई-क्लीनिक सेवा’ की शुरुआत भी की, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। सभी लोगों को विवाह पर्व की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सेवाओं को शुरू करने के लिए इससे बढ़िया दिन कोई और नहीं हो सकता था।
प्रत्येक जिले में मिलेंगी यह सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत पंजाब को छह भागों में बांटा गया है, जिसके अंतर्गत 80 करोड़ रुपये की लागत से प्रत्येक जिला अस्पताल के लिए एक एमआरआई और 25 सीटी स्कैन सुविधाओं के अलावा 23 जिलों में 25 करोड़ की लागत से लोगों को 24 घंटे चिकित्सा संबंधी सेवाएं मुहैया करवाने के लिए रेफरेंस लैब, 30 जिला लैबोरेटरियां और 95 क्लेकशन केंद्र शामिल होंगे, जो सभी जिलों को कवर करेंगे। लैब टेस्ट किफायती दरों पर मुहैया किए जाएंगे।
बेड़े में शामिल होंगी 23 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सूरत वाली 108 एंबुलेंस इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम सर्विस को और बेहतर बनाया गया है। अब 104 और 112 मेडिकल हेल्पलाइन इमरजेंसी के समय और तेज रिस्पांस देंगी। अब मरीज के रिश्तेदार एंबुलेंस की लोकेशन ऑनलाइन ट्रेस कर सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहले ही एंबुलेंसों की संख्या बढ़ाकर 325 की गई थी, जो अगले दिनों में बढ़ाकर 400 की जा रही है और 23 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंसों को भी बेड़े में शामिल किया गया है।