पंचकूला। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य में कैंसर के मामलों में हो रही वृद्धि को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार कैंसर की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। इसके इलाज के लिए एक सशक्त और समग्र दृष्टिकोण अपनाया जा रहा है। राज्य में दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले कैंसर के मरीजों को भी इलाज की सुविधा पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री मंगलवार को पंचकूला के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कैंसर दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय सेमिनार को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से रोडवेज की बसों में कैंसर के मरीजों को फ्री यात्रा और पेंशन की सुविधा दी गई है।
वर्ष 2024-25 में ऐसे मरीजों के लिए 9408 पास जारी किए गए और 3428 मरीजों को मासिक पेंशन दी गई है। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर प्रदेश भर में जागरूकता रैलियों, सेमिनारों और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करके लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इस मौके पर पंचकूला के डॉक्टर और नर्सिंग ऑफिसर ने भी कैंसर से बचाव के लिए अपनी बातें रखीं।
तंबाकू और शराब का सेवन कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि कैंसर की रोकथाम के लिए कुछ जरूरी उपाय हैं, जिन्हें अपनाकर इस बीमारी के खतरे को कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि तंबाकू और शराब का सेवन कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। इनसे दूर रहकर कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि फल, सब्जियां और साबूत अनाज से भरपूर आहार लेना चाहिए। प्रोसेस्ड और रेड मीट के सेवन से बचना चाहिए। प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। नियमित व्यायाम करने से कैंसर का खतरा कम होता है।
75 लाख लोगों की कैंसर के लिए प्राथमिक जांच की गई
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने सेमिनार को संबोधित करते हुए कहा कि अंबाला कैंट में स्थापित अटल कैंसर अस्पताल हरियाणा के अलावा पड़ोसी राज्यों के रोगियों को भी उच्चतम स्तर की सुविधाएं प्रदान कर रहा है। इसके अलावापीजीआईएमएस रोहतक, नेशनल कैंसर इंस्टिट्यूट झज्जर और 5 कैंसर डे-केयर सेंटरों पर भी कैंसर मरीजों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। पॉपुलेशन बेस्ड स्क्रीनिंग स्कीम के अंतर्गत लगभग 75 लाख लोगों की कैंसर के लिए प्राथमिक जांच की जा चुकी है।
जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए मिलकर लड़ाई लड़नी होगी
स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ मनीष बंसल ने बताया कि इस बार वर्ल्ड कैंसर डे की थीम यूनाइटेड बाय यूनिक रखी गई है। इस थीम का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि कैंसर सिर्फ इलाज से नहीं जीता जा सकता है, बल्कि यह एक लड़ाई है जिसे लोगों के साथ मिलकर लड़ना और जड़ से उखाड़ फेंकना है। यह थीम इस बात पर जोर देती है कि हर व्यक्ति कैंसर के खिलाफ लड़ाई में अपना योगदान दे सकता है।