आदमपुर उपचुनाव में भाजपा जजपा गठबंधन का प्रत्याशी पिता पुत्र में से कौन होगा यह फैसला अभी नहीं हो सका है। अभी तक भव्य बिश्नोई को यहां से प्रत्याशी मान के चला जा रहा था, लेकिन गुरुवार प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में समिति ने एक सुर में कुलदीप को चुनाव लड़वाने की बात कह कर प्रदेश की लीडरशिप को असमंजस में डाल दिया।
पंचकूला स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश चुनाव समिति ने इस उपचुनाव में कुलदीप बिश्नोई को प्रत्याशी बनाने की बात कही है। जबकि कुलदीप यहां से अपने बेटे भव्य बिश्नोई को चुनाव लड़वाना चाह रहे हैं। उन्होंने पार्टी नेताओं से भी भव्य को प्रत्याशी बनाने के लिए कहा है। अब फैसला मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के बीच है। यदि यहां फैसला नहीं होगा तो फिर फैसले के लिए दिल्ली दरबार जाना पड़ेगा।
जिला परिषद के चुनाव सिंबल पर लड़े जाए या नहीं इसका फैसला जिला इकाईयों पर छोड़ दिया गया। बैठक में सेवा पखवाड़ा के दौरान किए गए कार्यों की भी समीक्षा की गई। आदमपुर उपचुनाव को लेकर अभी उम्मीदवार का नाम तय नहीं किया गया है। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि उपचुनाव में प्रत्याशी का फैसला जल्द ही मुख्यमंत्री के साथ बैठक करके ले लिया जाएगा।
आठ साल पूरे होने पर बड़ी रैली करेगी भाजपा
उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर को सरकार के 8 साल पूरे हो रहे हैं। उसी दिन डा. मंगलसेन की जयंती है। भाजपा बूथ स्तर पर डा. मंगलसेन की जयंती मनाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार के आठ सालों में कराए गए काम को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी। एक निर्णय यह भी हुआ है कि 8 साल के उपलक्ष्य में एक बड़ी रैली हरियाणा में की जाएगी।
सिंबल पर चुनाव का फैसला जिला इकाइयों पर
धनखड़ ने कहा कि चुनाव समिति ने निर्णय लिया है कि पंच, सरपंच और ब्लॉक समिति चुनाव सिंबल पर पार्टी नहीं लड़ेगी। जिला परिषद के चुनाव सिंबल पर लड़ा जाए या नहीं, इसका फैसला चुनाव समिति ने जिला इकाईयों पर छोड़ा है। बैठक में सिंबल पर चुनाव लड़ने और नहीं लड़ने के दोनों तरह के मत आ रहे थे। सिंबल पर चुनाव लड़ने या नहीं लड़ने का स्वतंत्र रूप से निर्णय जिला इकाईयों का रहेगा।
बूथ जीता, चुनाव जीता : बिप्लब देव
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब देव ने कहा कि मेरे लिए गर्व की बात है कि मुझे हरियाणा प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर-पूर्व के कार्यकर्ता को किसी प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है यह पहली बार हुआ है। बिप्लब देब ने बैठक में बूथ जीता, चुनाव जीता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि मैं हरियाणा के हर बूथ तक प्रवास करूंगा, क्योंकि बूथ की मजबूती से ही चुनाव में सफलता मिलती है।