फेस्टिवल विल-2 नाइट टूर्नामेंट में एफसीसी को दी शिकस्त, रोहित बने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। फेस्टिवल विल-2 नाइट टूर्नामेंट में स्टार इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एफसीसी को आठ विकेट से हरा दिया। मुकाबले में रोहित खन्ना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 109 रन की शतकीय पारी खेली। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में एफसीसी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। एफसीसी की ओर से अतुल ने 29 रन और दीपु ने 28 रन का योगदान दिया। स्टार इलेवन की तरफ से कैलाश सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार इलेवन की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी की। रोहित खन्ना ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाते हुए 109 रन बनाए। वहीं, जस्सा ने 29 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों की शानदार बल्लेबाजी के दम पर स्टार इलेवन ने महज 13 ओवर में दो विकेट खोकर 157 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
एफसीसी की ओर से जतिन गेरा ने एक विकेट हासिल किया। रोहित खन्ना की शतकीय पारी मुकाबले का मुख्य आकर्षण रही। शानदार बल्लेबाजी के लिए रोहित खन्ना को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।