सफाई न होने से बदबू और मच्छरों का प्रकोप, लोगों ने उठाई नियमित सफाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-7 पर कस्बा रामगढ़ में स्लिप रोड के किनारे बने नालों में पानी निकासी न होने से गंदा पानी जमा हो रहा है। इससे क्षेत्र में बदबू फैल रही है और लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। लोगों ने बताया कि नालों की समय-समय पर सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी जमा रहता है। इससे मक्खी, मच्छर और जहरीले जीव-जंतु पनप रहे हैं।
लोगों का कहना है कि एक ओर स्वास्थ्य विभाग मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए जागरूक कर रहा है, वहीं दूसरी ओर इन नालों में जमा गंदे पानी की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। बंटी सिंह, बिल्ला सैनी, सोहन लाल, सुभाष चंद, गुलशन कुमार और प्रदीप कुमार सहित अन्य लोगों ने कहा कि इस स्थिति से कभी भी महामारी फैल सकती है। उन्होंने मांग की कि नालों की पानी निकासी सुचारू की जाए और नियमित सफाई करवाई जाए।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि नालों में जमा गंदा पानी जल्द निकलवाकर साफ-सफाई करवाई जाएगी, ताकि लोगों को परेशानी न हो।