चंडीगढ़। होशियारपुर जिले की गढ़शंकर तहसील में बनने वाले श्री गुरु रविदास स्मारक का कार्य मुख्यमंत्री ने पांच महीने में पूरा करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की समीक्षा को लेकर बुधवार को आयोजित वर्चुअल बैठक में कैप्टन ने पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय कुमार को इस कार्य संबंधी प्रशासकीय स्वीकृतियां देने और मेमोरियल फाउंडेशन के फंड में से आवश्यक धन खर्च के अधिकार भी सौंप दिए।
वर्चुअल मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव को कहा कि इस स्मारक तक जाती 10 फुट चौड़ी सड़क के चार किलोमीटर के हिस्से को चौड़ा और मजबूत करने का काम तुरंत आरंभ किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को माथा टेकने में कोई कठिनाई न आए। मुख्यमंत्री ने यह भी हिदायत दी कि पीने वाले पानी की सुविधा में भी और विस्तार किया जाए। साथ ही फाउंडेशन की तरफ से पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग की निदेशक को फाउंडेशन के रोजमर्रा के कामकाज की निगरानी करने के लिए कार्यकारी समिति की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया। सरकार की तरफ से अब तक इस प्रोजेक्ट पर 58.35 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। पूरा होने पर यह लागत 104 करोड़ हो जाएगी। इस प्रोजेक्ट का नींव पत्थर 3 अप्रैल, 2016 को रखा गया था।
बैठक में पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले के मंत्री-कम-फाउंडेशन के उप चेयरमैन चरनजीत सिंह चन्नी, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा, चब्बेवाल विधायक राजकुमार, मुकेरियां विधायक इंदु बाला, उड़मुड़ विधायक संगत सिंह गिलजियां, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विकास प्रताप, प्रमुख सचिव वित्त केएपी सिन्हा और डायरेक्टर पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले कंवलप्रीत कौर बराड़ शामिल थे।