पंचकूला। सेक्टर-5 के यवनिका पार्क में आयोजित स्प्रिंग फेस्टिवल का रविवार को समापन हुआ। इस दो दिवसीय फेस्टिवल में 50 हजार लोगों ने विभिन्न स्टॉल और आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों का लुत्फ उठाया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इससे पूर्व गुप्ता ने स्प्रिंग फेस्टिवल में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया।
इस दौरान 10 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए स्लोगन राइटिंग और 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्लोगन राइटिंग में डीसी मॉडल की निवेदिता ने प्रथम पुरस्कार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बालदवाला की तिया सोलथ ने द्वितीय पुरस्कार व सतलुज पब्लिक स्कूल की ऐश्वर्या ने तृतीय पुरस्कार हासिल किया।
विजेताओं को क्रमश: 5100, 3100 और 2100 रुपये नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक अजीत बाला, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रशासक जगदीश शर्मा, संपदा अधिकारी राकेश संधु, चीफ इंजीनियर हरिदत शर्मा, बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष उमेश सूद, पार्षद सोनिया सूद, रितु गोयल, नरेंद्र लुबाना सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
पोस्टर मेकिंग में केशव रहे प्रथम
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में सतलुज पब्लिक स्कूल के केशव ने प्रथम, विपुल प्रकाश ने द्वितीय और पिंकी यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमश: 5100, 3100 और 2100 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन विधानसभा अध्यक्ष और अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट के प्रधान श्री ज्ञानचंद के निर्देशानुसार ट्रस्ट के सदस्य डीपी सोनी और डीपी सिंघल की देखरेख में किया गया।