चंडीगढ़। जालंधर में खेल प्रौद्योगिकी विस्तार केंद्र को मंजूरी मिल गई है। यह पंजाब के खेल सामग्री उद्योग को बड़ी सौगात है। इस बारे में पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने 21 जुलाई को नई दिल्ली में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतन राम मांझी से भेंट कर पंजाब के एमएसएमई पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए तत्काल सहयोग का अनुरोध किया था। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से जालंधर में केंद्रित खेल सामग्री उद्योग पर जोर दिया गया था।
अब केंद्र सरकार के एमएसएमई मंत्रालय ने इस बारे में एक आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है। इसमें जालंधर स्थित सरकारी चमड़ा एवं फुटवियर प्रौद्योगिकी संस्थान (जीआईएलएफटी) में स्वीकृत टेक्नोलॉजी एक्सटेंशन सेंटर की स्वीकृत दे दी गई है। यह स्वीकृति हब एवं स्पोक मॉडल के अंतर्गत प्रदान की गई है जिसमें टीईसी को पीपीडीसी, मेरठ की ओर से मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। यह प्रस्ताव राज्य सरकार द्वारा आवश्यक अवसंरचना उपलब्ध कराए जाने के बावजूद पिछले आठ महीनों से मंत्रालय में लंबित था।
यह केंद्र 11,166 वर्ग फुट क्षेत्र में तैयार होगा। यह टेक्नोलॉजी एक्सटेंशन सेंटर उन्नत उत्पाद एवं प्रक्रिया विकास, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, परीक्षण सुविधा, कौशल विकास व परामर्श एवं हैंड होल्डिंग सहायता जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान करेगा, जिससे विशेष रूप से खेल सामग्री एवं संबंधित विनिर्माण इकाइयों को लाभ मिलेगा। इस बारे में एक एमओयू जनवरी के पहले हफ्ते में होगा।
केंद्रीय एमएसएमई मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए अरोड़ा ने कहा कि टेक्नोलॉजी एक्सटेंशन सेंटर पंजाब के खेल सामग्री उद्योग के लिए एक गेम चेंजर सिद्ध होगा।