कई राज्यों में फरारी की जांच, साजिश और हथियार आपूर्ति की गहन पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पिंजौर अमरावती मॉल के बाहर सोनू नोल्टा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पियूष पिपलानी को डिटेक्टिव स्टाफ, चंडीगढ़ से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश कर 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पुलिस रिमांड के दौरान पियूष से हत्या की पूरी साजिश, वारदात से पहले और बाद की लोकेशन, साथियों की भूमिका और हथियार की सप्लाई चेन को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
हत्या के बाद आरोपी अमरावती मॉल से फरार होकर पिंजौर बाईपास के रास्ते चंडीगढ़ पीजीआई के पास पहुंचा, जहां उसने वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी छोड़ दी। इसके बाद वह अलग-अलग ठिकानों पर छिपता हुआ पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र तक गया, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।
जांच में सामने आया कि पियूष ने फरारी के दौरान लगातार ठिकाने बदले और मोबाइल व तकनीकी माध्यमों से पुलिस से बचने की कोशिश की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे, हत्या की साजिश किसने और क्यों रची, तथा पिस्टल कहां से लाई गई।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी को वारदात से जुड़े सभी अहम लोकेशन पर ले जाकर सीन रीक्रिएशन भी कराया जाएगा। इस मामले में अब तक पियूष समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि यह पूर्व नियोजित हत्या थी और साजिश, हथियार सप्लाई और फरारी में मदद करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।