संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। फाजिल्का-मलोट मुख्य मार्ग पर स्थित अरनीवाला शेख सुभान के अधीन गांव कुहाड़िया वाली निवासी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय मोहित बजाज के रूप में की गई है। मोहित मोटरसाइकिल पर शुक्रवार देर शाम अबोहर से गांव कुहाड़िया वाली लौट रहा था।
इस दौरान गांव से एक किलोमीटर पीछे गांव की ओर से आ रही ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली के साथ उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद वह संभल नहीं सका और वहीं गिर गया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। ट्रैक्टर ट्राली चालक मौके से भाग गया पर पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से उसको ढूंढ लिया। आरोपी की पहचान साजन के रूप में की गई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पारिवारिक सदस्यों ने ट्रैक्टर ट्राली चालक के साथ उसके मालिक पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।