पिंजौर के आरोपी से पूछताछ के बाद मोहाली निवासी सप्लायर भी पकड़ा, दोनों न्यायिक हिरासत में भेजे
क्राइम ब्रांच-3 ने छह अगस्त को नानक सिंह को पकड़ा था, 9 अगस्त को सप्लायर जतिंद्र सिंह गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। क्राइम ब्रांच-3 ने हेरोइन तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए 16.74 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके सप्लायर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छह अगस्त को पिंजौर निवासी नानक सिंह को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके कथित सप्लायर मोहाली निवासी जतिंद्र सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार नानक सिंह को सात अगस्त को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नौ अगस्त को जतिंद्र सिंह को गिरफ्तार किया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।