सेक्टर-28 में बेसमेंट की सीढ़ियों में छिपा था सांप, 112 टीम की तत्परता से टली बड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-28 स्थित मकान नंबर 1875 में बुधवार शाम करीब सात बजे पांच से छह फीट लंबा सांप घुस आने से परिवार में हड़कंप मच गया। सांप घर की बेसमेंट की सीढ़ियों में जाकर छिप गया, जिससे परिवार के सदस्य घबरा गए। घटना की सूचना तुरंत 112 हेल्पलाइन पर दी गई।
सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने स्नेक कैचर को बुलाया। काफी मशक्कत के बाद स्नेक कैचर ने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे घर से बाहर निकाल दिया।
सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिवार के सदस्यों ने राहत की सांस ली। परिवार का कहना है कि समय पर पुलिस टीम और स्नेक कैचर की मदद मिलने से बड़ी परेशानी टल गई। वरिष्ठ नागरिकों ने विशेष रूप से पुलिस और स्नेक कैचर की तत्परता की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।