पंचकूला। पुलिस और अन्य विभागों की भर्ती फर्जीवाड़े में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान विक्रांत और रिंकू निवासी सोनीपत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने पुलिस को सूचना दी थी कि हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद भर्ती प्रक्रिया चल रही है। लिखित परीक्षा होने के बाद कुछ उम्मीदवारों की फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए प्रक्रिया चल रही है। उनके फिंगर प्रिंट का मिलान नहीं हो रहा है।
उन्होंने आयोग के साथ धोखाधड़ी करके अपनी जगह दूसरे उम्मीदवारों से लिखित परीक्षा करवाई है। सेक्टर-5 पुलिस ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। एसआईटी के द्वारा पुलिस और अन्य विभाग में भर्ती फर्जीवाड़े में अब तक 88 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसआईटी इंचार्ज एसीपी विजय कुमार के नेतृत्व में मामलों की जांच की जा रही है।