चंडीगढ़। पंजाब में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के संबंध में शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने पंजाब की विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने अपील की कि वे एसआईआर संबंधी बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की नियुक्तियां जल्द से जल्द कर दें ताकि इन बीएलए को बीएलओ के साथ समय रहते प्रशिक्षण दिया जा सके।
एसआईआर के दौरान टोल-फ्री नंबर 1950 चौबीसों घंटे कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि बीएलए की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है और एसआईआर के प्रत्येक चरण में बीएलओ द्वारा बीएलए के साथ जानकारी साझा की जाएगी ताकि पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने राजनीतिक पार्टियों से कहा कि बीएलए-1 की नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाए। एसआईआर की पूरी प्रक्रिया के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय पंजाब राजनीतिक पार्टियों के साथ लगातार संपर्क में रहेगा।
पंजाब में 25 जून से 24 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के फॉर्म भरवाएंगे। एसआईआर संबंधी बीएलओ को प्रशिक्षण देने और अन्य तैयारियों का कार्य 15 से 24 जून तक किया जाएगा। हमारा उद्देश्य प्रत्येक योग्य नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना और अयोग्य व्यक्तियों को सूची से बाहर करना है।
बैठक के दौरान राजनीतिक पार्टियों द्वारा एसआईआर संबंधी कुछ शंकाएं व्यक्त की गईं जिन्हें मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा दूर किया गया और राजनीतिक पार्टियों को आश्वासन दिया गया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से ही पूरी की जाएगी।