संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। तमिलनाडु निवासी बी प्रकाशन के खिलाफ झूठा छेड़छाड़ का केस दर्ज करने के मामले में सेक्टर-16 पुलिस चौकी इंचार्ज राजबीर यादव को सस्पेंड कर दिया गया है। उनकी जगह सब-इंस्पेक्टर सिंहराज को चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
एक करोड़ रुपये के लेनदेन के विवाद में सेक्टर-16 निवासी व्यापारी हर्षित बंसल ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर बी प्रकाशन के खिलाफ फर्जी छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था। शिकायत दर्ज होने के बाद शनिवार देर रात डीसीपी हिमाद्रि कौशिक, डीसीपी क्राइम अमित दहिया समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जांच में सामने आया कि चौकी इंचार्ज राजबीर यादव ने हर्षित बंसल से मिलीभगत कर बी प्रकाशन पर झूठा मुकदमा दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने राजबीर यादव को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।